कनाडाई कैफे ब्रांड Blenz ने मुंबई से भारत में अपना कारोबार शुरू किया है. ब्रांड का पहला भारतीय आउटलेट 13 नवंबर को मुंबई के फोर बंगलोज, वर्सोवा स्थित गुरुकृपा ध्यानम में खुला. इस विस्तार में अभिनेता-उद्यमी रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी की साझेदारी Invision Brands तथा Franchise India Group के साथ है.

भारत में Blenz के संचालन का नेतृत्व UpLyv Global Ventures की संस्थापक और CEO डॉ. पूजा सिंह कर रही हैं. कंपनी ने देश के प्रमुख शहरों और उभरते बाजारों में विस्तार की योजना बनाई है. इसके तहत 2027 तक 40 आउटलेट खोलने और 120 करोड़ रुपये से अधिक निवेश का लक्ष्य रखा गया है.

मेन्यू में कॉफी से लेकर प्रोटीन शेक तक

Blenz का मेन्यू 100 प्रतिशत Arabica कॉफी, एस्प्रेसो और चॉकलेट आधारित पेय के साथ Blue Matcha Latte पर केंद्रित है. इसके अलावा ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार Dirty Sodas तैयार करा सकते हैं. कैफे में शेकन आइस्ड टी, चाय, स्मूदी और प्रोटीन शेक भी उपलब्ध हैं.

फूड मेन्यू में क्रोइसां, मफिन, कुकीज, सैंडविच, रैप, समोसे, रोल, डेजर्ट और beignets शामिल हैं. ब्रांड की शुरुआत वैंकूवर में 1992 में हुई थी और यह तीन दशक से अधिक समय से कैफे कारोबार में है.