ब्रिटिश तेल कंपनी BP भारत, हंगरी और मलेशिया में काम कर रहे अपने करीब 3,000 फाइनेंस ऑपरेशंस कर्मचारियों को 2027 में भारतीय आईटी कंपनी Wipro में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रही है. यह कदम कंपनी की आंतरिक सपोर्ट गतिविधियों को आउटसोर्स करने की रणनीति का हिस्सा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित समझौता कुछ शर्तों के अधीन है. कर्मचारियों के Wipro में जाने के बाद भी BP परिचालन मानकों और डेटा की निगरानी करती रहेगी. कंपनी ने यह नहीं बताया है कि इस व्यवस्था से उसके कुल फाइनेंस ऑपरेशंस कार्यबल का कितना हिस्सा प्रभावित होगा.
BP ने कहा है कि साझेदारी से उसके फाइनेंस ऑपरेशंस को बेहतर बनाने और प्रक्रियाओं को सरल करने में मदद मिल सकती है. Wipro ने समझौते के बारे में अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
BP की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कंपनी के भारत में करीब 7,500, हंगरी में 3,300 से अधिक और मलेशिया में लगभग 1,400 कर्मचारी हैं. Wipro 65 देशों में 2.4 लाख से अधिक कर्मचारियों के साथ टेक्नोलॉजी सेवाएं और कंसल्टिंग उपलब्ध कराती है.
आउटसोर्सिंग की ओर बढ़ता रुझान
यह समझौता उन वैश्विक कंपनियों के रुझान को दर्शाता है, जो इन-हाउस सपोर्ट टीमों को बनाए रखने के बजाय विशेषज्ञ आईटी सेवा प्रदाताओं को जिम्मेदारी सौंप रही हैं. कंपनियों को इससे परिचालन खर्च घटाने और ऑटोमेशन व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिये उत्पादकता बढ़ाने की उम्मीद रहती है.
रिपोर्ट में उद्धृत टेक्नोलॉजी एडवाइजरी फर्म EIIR Trend के संस्थापक पारीख जैन के अनुसार, AI में बदलावों के कारण कंपनियां अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के कामकाज का पुनर्मूल्यांकन कर रही हैं. उनके मुताबिक, आईटी सेवा कंपनियां ऐसे काम अक्सर तीन से पांच साल के आउटसोर्सिंग अनुबंधों के तहत संभालती हैं.
यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब BP कर्ज घटाने और खर्चों में कटौती पर ध्यान दे रही है.
