उद्योग संगठन ASSOCHAM ने केंद्रीय बजट 2027-28 से पहले सरकार के सामने कर सुधारों और कारोबारी सुगमता से जुड़े कई प्रस्ताव रखे हैं. संगठन का कहना है कि सरल, स्थिर और अधिक पूर्वानुमेय कर व्यवस्था से निवेश, घरेलू विनिर्माण और निर्यात को बढ़ावा मिल सकता है.
ASSOCHAM ने करीब ₹1.5 लाख करोड़ के पुराने सीमा शुल्क विवादों के निपटारे के लिए एकमुश्त माफी योजना की मांग की है. प्रस्ताव में ब्याज और जुर्माने में राहत तथा विवाद की अवधि और मुकदमे के चरण के आधार पर मूल शुल्क में क्रमिक रियायत देने की बात कही गई है. संगठन ने जुलाई 2017 में GST लागू होने से पहले लगाए गए CVD और SAD से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने का सुझाव भी दिया है.
प्रत्यक्ष करों के मोर्चे पर संगठन ने नए विनिर्माण उद्यमों के लिए 15 प्रतिशत रियायती कर व्यवस्था फिर शुरू करने की मांग की है. यह व्यवस्था पहले आयकर अधिनियम की धारा 115BAB के तहत उपलब्ध थी, लेकिन इसकी पात्रता अवधि 31 मार्च 2024 तक शुरू हुई विनिर्माण इकाइयों तक सीमित थी.
ASSOCHAM ने सूचीबद्ध प्रतिभूतियों पर दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर को भी तर्कसंगत बनाने का सुझाव दिया है. उसके प्रस्ताव में एक से दो वर्ष की होल्डिंग पर 10 प्रतिशत कर और दो वर्ष से अधिक अवधि पर शून्य या करीब 5 प्रतिशत कर का विकल्प शामिल है.
संगठन ने विवाद समाधान समिति के लिए पात्रता सीमा ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹10 करोड़ करने, Advance Ruling व्यवस्था में समयबद्ध निर्णय सुनिश्चित करने, उद्योग-अकादमिक R&D खर्च पर अतिरिक्त कर लाभ और डेटा सेंटर ढांचे के लिए accelerated depreciation की मांग भी की है.
