केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण और अवसंरचना उपकरण विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है. इसका क्रियान्वयन भारी उद्योग मंत्रालय करेगा.

योजना की अवधि वित्त वर्ष 2026-27 से आठ वर्ष होगी. इसमें पहले दो वर्ष विनिर्माण सुविधाएं स्थापित करने के लिए रखे गए हैं. इसके बाद वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33 तक पांच वर्षों के लिए प्रोत्साहन दिए जाएंगे, जबकि अंतिम वर्ष में बिक्री-आधारित दावों का निपटान होगा.

बिक्री बढ़ाने पर मिलेगा प्रोत्साहन

पात्र मूल उपकरण निर्माता (OEM) और कंपोनेंट निर्माता, योग्य उत्पादों की बढ़ी हुई बिक्री के मूल्य पर 13 प्रतिशत से 8 प्रतिशत तक के क्रमिक प्रोत्साहन के लिए पात्र होंगे. यह लाभ पांच वर्ष की अवधि में दिया जाएगा.

योजना का दूसरा हिस्सा देश में निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों के लिए समर्पित परीक्षण सुविधा स्थापित करने से जुड़ा है. इसके लिए अधिकतम ₹375 करोड़ की व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण सहायता का प्रावधान किया गया है.

सरकार के अनुसार, कार्यक्रम का लक्ष्य उन्नत उपकरणों और उनके पुर्जों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाना, आपूर्ति शृंखला मजबूत करना और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सुधार करना है. इसमें टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रॉलिक एक्सकेवेटर, ऑफ-हाइवे ट्रक और शिप-टू-शोर क्रेन जैसे उपकरण शामिल हो सकते हैं.