केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरण (CIE) के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है. योजना का क्रियान्वयन भारी उद्योग मंत्रालय करेगा और यह वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए लागू रहेगी.
योजना के तहत पात्र मूल उपकरण निर्माताओं (OEM) और कंपोनेंट निर्माताओं को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर पांच वर्षों तक 13% से 8% तक क्रमिक प्रोत्साहन दिया जाएगा. इसके अलावा, देश में समर्पित CIE परीक्षण सुविधा स्थापित करने के लिए ₹375 करोड़ तक का अनुदान प्रस्तावित है.
इस योजना में टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन जैसी सात श्रेणियां शामिल हैं. इंजन, ट्रांसमिशन, हाइड्रोलिक सिस्टम, अंडरकैरिज और ड्राइव सिस्टम जैसे प्रमुख कंपोनेंट भी इसके दायरे में आएंगे.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत का CIE उद्योग वित्त वर्ष 2024-25 में करीब ₹97,500 करोड़ का था और वित्त वर्ष 2029-30 तक इसके लगभग ₹2.28 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है. सरकार का कहना है कि योजना से आयात निर्भरता घटाने, घरेलू आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने और रोजगार व निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी.
