केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में 92 गीगावाट-आवर (GWh) की नई ग्रिड-स्केल ऊर्जा भंडारण क्षमता विकसित करने के लिए ₹14,500 करोड़ की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) योजना मंजूर की है. योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू होगी.
सरकार के अनुसार, इसमें 60 GWh क्षमता हाइड्रो पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं, 30 GWh बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) और 2 GWh वैकल्पिक उभरती भंडारण तकनीकों के माध्यम से विकसित की जाएगी. इन परियोजनाओं में कुल अनुमानित निवेश ₹97,600 करोड़ रहने का अनुमान है.
नवीकरणीय बिजली के एकीकरण पर जोर
ऊर्जा भंडारण से सौर और पवन जैसे स्रोतों से उपलब्ध अतिरिक्त बिजली को सुरक्षित रखकर जरूरत के समय ग्रिड में दिया जा सकेगा. सरकार का कहना है कि इससे ग्रिड की स्थिरता बेहतर होगी, नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा और चौबीसों घंटे विश्वसनीय बिजली आपूर्ति में मदद मिलेगी.
क्षमता का आवंटन टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली के जरिए किया जाएगा. BESS और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के लिए बिजली वितरण कंपनियां VGF सहायता की पात्र होंगी. बैटरी स्टोरेज परियोजनाओं में न्यूनतम 40 प्रतिशत घरेलू सामग्री की शर्त भी रखी गई है.
