केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाकर 63 प्रतिशत किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में भी राज्य कर्मचारियों के DA में बढ़ोतरी की मांग तेज हो गई है. छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर राज्योत्सव और दिवाली से पहले इस संबंध में निर्णय लेने का आग्रह किया है.
संघ ने पत्र में 1 जनवरी 2026 से देय महंगाई भत्ते को जल्द मंजूरी देने और नियमानुसार बकाया राशि का एरियर्स सहित भुगतान करने की मांग की है. संगठन के अनुसार, इस फैसले से प्रदेश के करीब चार लाख शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और पेंशनभोगी सीधे प्रभावित होंगे.
कर्मचारी संघ का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारी और पेंशनभोगी लंबे समय से DA बढ़ोतरी के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. राज्योत्सव और दिवाली जैसे त्योहारों से पहले घोषणा होने पर उन्हें आर्थिक राहत मिल सकती है.
संघ ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की मांग पर जल्द विचार करेंगे. हालांकि, राज्य सरकार की ओर से नई DA दरों या एरियर्स के भुगतान को लेकर अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है. अंतिम निर्णय सरकार की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.
