छत्तीसगढ़ में कार्यरत IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवा अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा. राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.

नई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. जुलाई से आदेश लागू होने तक की अवधि का बकाया महंगाई भत्ता भी नकद भुगतान के रूप में दिया जाएगा.

केंद्र की बढ़ोतरी के बाद लागू हुई नई दर

केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के तहत छत्तीसगढ़ में कार्यरत इन अधिकारियों पर भी बढ़ी हुई दर लागू की गई है.

आदेश में कहा गया है कि एरियर का भुगतान उसी कार्यालय से किया जाएगा, जहां संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन निकाला गया था. कार्यालयों को वेतन पर्चियों में संशोधन कर बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं. पहले भुगतान की गई राशि का आवश्यक समायोजन भी किया जाएगा.

यदि किसी अधिकारी को निर्धारित राशि से अधिक महंगाई भत्ते का भुगतान हो जाता है, तो अतिरिक्त रकम संबंधित अधिकारी से वसूल की जाएगी.