भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने 2047 तक 26.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को समर्थन देने के लिए वित्तीय क्षेत्र में 15 सुधारों का सुझाव दिया है. प्रस्तावों में बैंकिंग, NBFC, बीमा, पूंजी बाजार, MSME और वित्तीय तकनीक से जुड़े बदलाव शामिल हैं.
CII के आकलन के अनुसार, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारत की कुल वित्तीय संपत्तियां करीब 106 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचनी चाहिए, जबकि वर्तमान स्तर लगभग 7 ट्रिलियन डॉलर है. संगठन ने बैंकिंग परिसंपत्तियों की वृद्धि को नाममात्र GDP वृद्धि से हर साल 3 से 3.5 प्रतिशत अधिक रखने की जरूरत बताई है.
NBFC और ग्रीन एनर्जी के लिए प्रस्ताव
CII ने अच्छी गवर्नेंस और नियमों का पालन करने वाली NBFC के लिए स्थायी, नियम-आधारित लिक्विडिटी और रीफाइनेंस सुविधा बनाने का सुझाव दिया है. संगठन के मुताबिक, इससे बाजार में तनाव के दौरान MSME और खुदरा कर्ज की आपूर्ति पर असर कम हो सकता है.
नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए प्राथमिकता क्षेत्र ऋण की सीमा 35 करोड़ रुपये से बढ़ाकर प्रति कर्जदार 100 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव है. रिसाइक्लिंग और बैटरी के दोबारा इस्तेमाल जैसी गतिविधियों को भी इस दायरे में शामिल करने की मांग की गई है.
बीमा, बॉन्ड बाजार और MSME
CII ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर इनपुट टैक्स क्रेडिट बहाल करने तथा बीमा क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय आपदा और जलवायु जोखिम पूल बनाने की सिफारिश की है. कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार में निवेशक आधार बढ़ाने के लिए पेंशन, बीमा और प्रोविडेंट फंड को कुछ शर्तों के साथ कम रेटिंग वाले और लंबी अवधि के बॉन्ड में निवेश की अनुमति देने का सुझाव दिया गया है.
MSME कर्ज में कारोबार रुकने, आग, बाढ़ और मशीन खराब होने जैसे जोखिमों का बीमा शामिल करने की बात कही गई है. CII ने सरकारी डेटाबेस को अकाउंट एग्रीगेटर ढांचे से जोड़ने, स्वचालित वीडियो KYC की अनुमति देने और निजी बैंकों में वोटिंग राइट्स की सीमा 26 प्रतिशत से बढ़ाकर 49 प्रतिशत तक करने का भी प्रस्ताव रखा है.
