कच्चे तेल की कीमतों में सितंबर में करीब 30% की बढ़ोतरी ने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए जोखिम बढ़ा दिए हैं. वित्त मंत्रालय ने चेताया है कि कीमतों में लगातार तेजी रहने पर देश का कच्चे तेल का आयात बिल बढ़ सकता है और महंगाई, राजकोषीय घाटे तथा चालू खाते पर दबाव पड़ सकता है.
मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने भी सितंबर में कहा था कि भारत का इम्पोर्टेड क्रूड बास्केट अगस्त की तुलना में करीब 30% महंगा हुआ है. 22 सितंबर को इसकी कीमत 115.27 डॉलर प्रति बैरल बताई गई थी.
कच्चे तेल की महंगाई का असर केवल पेट्रोल और डीजल तक सीमित नहीं रहता. परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ने से वस्तुओं की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है. प्लास्टिक, पैकेजिंग और सिंथेटिक फाइबर जैसे उद्योगों की लागत भी प्रभावित हो सकती है.
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है. इसलिए वैश्विक कीमतों में लंबे समय तक तेजी रुपये, आयात लागत और मुद्रास्फीति के लिए चुनौती बन सकती है. हालांकि, मंत्रालय ने यह भी रेखांकित किया है कि भारत की तेल-खपत और क्रूड-आयात तीव्रता में समय के साथ कमी आई है.
