भारत में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) का बड़ा हिस्सा कुछ स्थापित क्षेत्रों में केंद्रित है, जबकि गैर-संचारी रोगों, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, रोजगार संक्रमण, भूजल सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम फंडिंग पहुंच रही है. Sattva Consulting और India Data Insights की FY23 से FY25 के CSR प्रोजेक्ट्स पर आधारित रिपोर्ट में यह निष्कर्ष सामने आया है.
रिपोर्ट के अनुसार, CSR फंडिंग का करीब 80% हिस्सा पांच क्षेत्रों में जाता है. इसमें शिक्षा की हिस्सेदारी 35% और स्वास्थ्य क्षेत्र की 21% है. हालांकि, इन क्षेत्रों के भीतर भी खर्च का वितरण असंतुलित है. गैर-संचारी रोग (NCDs) भारत में होने वाली 60% मौतों के लिए जिम्मेदार हैं, जो 2004-06 में 45% थी. इसके बावजूद पहचान योग्य NCD फंडिंग का करीब 62% हिस्सा कैंसर पर जाता है. हृदय संबंधी रोगों को लगभग 12% फंडिंग मिलती है, जबकि वे NCD से होने वाली आधे से अधिक मौतों के लिए जिम्मेदार हैं.
रिपोर्ट में शिक्षा से रोजगार तक के संक्रमण में भी अंतर बताया गया है. युवा बेरोजगारी दर 9.9% और स्नातकों में 25.9% है. स्कूल-टू-वर्क संक्रमण से जुड़े CSR खर्च में 42% अकादमिक और कौशल सहायता पर जाता है, जबकि कामकाजी दुनिया से युवाओं को परिचित कराने पर हर एक रुपये में केवल 24 पैसे खर्च होते हैं.
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से जुड़े पहलों में ₹1,122.8 करोड़, यानी पहचान योग्य महिला-केंद्रित CSR फंडिंग का 29%, खर्च हुआ. इसमें करीब 77% राशि कौशल और आजीविका पर केंद्रित रही. रिपोर्ट ने देखभाल ढांचे, सुरक्षित आवागमन और बाजार तक पहुंच की कमी को भी बाधा बताया.
भूजल सुरक्षा के मामले में पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में देश की गंभीर तथा अति-दोहन वाली भूजल इकाइयों का करीब 49% है, लेकिन इस क्षेत्र की पहचान योग्य CSR फंडिंग में इनकी हिस्सेदारी लगभग 7% रही. नवाचार और शोध को FY23-FY25 में करीब ₹298 करोड़ मिले और किसी भी उद्योग ने अपने कुल CSR खर्च का 1.2% से अधिक इस क्षेत्र में नहीं लगाया.
भारत का वार्षिक CSR खर्च FY25 में ₹40,794 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले दशक में सालाना औसतन 15% की वृद्धि दर्शाता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि CSR सरकार का विकल्प नहीं है, लेकिन जोखिम लेने और नए मॉडलों को आजमाने में इसकी भूमिका हो सकती है.
