केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में अगली बढ़ोतरी को लेकर जल्द घोषणा की मांग उठी है. कॉन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स ने 24 सितंबर 2026 को वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के सचिव को पत्र भेजकर प्रक्रिया तेज करने का अनुरोध किया है.
संगठन ने कहा है कि 1 जुलाई 2026 से देय DA-DR की अगली किस्त पर संबंधित महंगाई आंकड़ों और तय फॉर्मूले के आधार पर जल्द निर्णय लिया जाए. पत्र की प्रतियां वित्त सचिव, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव और स्टाफ साइड NC-JCM के महासचिव को भी भेजी गई हैं.
63 या 64 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान
मौजूदा DA 60 फीसदी बताया गया है. जुलाई 2025 से जून 2026 के औसत AICPI-IW आंकड़ों पर आधारित गणना के अनुसार नई दर करीब 63.82 फीसदी बैठती है. इस आधार पर 3 से 4 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है, लेकिन यह सरकारी मंजूरी पर निर्भर है.
यदि DA 63 फीसदी होता है, तो ₹50,000 की बेसिक सैलरी पर DA ₹31,500 होगा. 64 फीसदी की दर पर यह ₹32,000 हो जाएगा. इसी तरह ₹1 लाख की बेसिक सैलरी पर DA क्रमशः ₹63,000 या ₹64,000 हो सकता है. इन गणनाओं में HRA और अन्य भत्ते शामिल नहीं हैं.
