दल्लीराजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर बीएसपी की 130 एकड़ अनुपयोगी भूमि को राजस्व विभाग में शामिल करने की मांग रखी है. उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा. दूसरी मांग नगर में रुके विकास कार्यों को जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से तेजी से पूरा कराने की है.

ज्ञापन के अनुसार, नगर पालिका क्षेत्र के 13 वार्डों में 15 हजार से अधिक लोग ऐसी भूमि पर बसे हैं, जो बीएसपी के लीज क्षेत्र से बाहर है. इन वार्डों में 1, 2, 3, 5, 7, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17 और 23 शामिल हैं. यहां रहने वाले श्रमिक और आदिवासी परिवार लंबे समय से क्षेत्र की खदानों में लौह अयस्क उत्पादन से जुड़े रहे हैं.

नगर पालिका का कहना है कि इन इलाकों में बिजली, पानी, सड़क और नाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन जमीन बीएसपी के नाम दर्ज होने के कारण निवासियों को स्थायी आवासीय पट्टा और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है. जमीन राजस्व खाते में दर्ज होने पर वर्षों से रह रहे परिवारों को मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ हो सकता है.

ज्ञापन में बताया गया कि 8 मार्च 1993 को बीएसपी ने 400 एकड़ अनुपयोगी जमीन का सर्वे किया था. इसमें से 270 एकड़ भूमि राजस्व विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि 130 एकड़ अब भी प्रक्रिया में है. पालिका के अनुसार इस जमीन का न तो खदान विस्तार में उपयोग होना है और न ही यह बीएसपी के किसी काम में आ रही है.

अध्यक्ष ने डीएमएफ से सड़कों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े अधूरे कार्य कराने की मांग भी की. सांसद भोजराज नाग ने मांग का समर्थन करते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्रालय और सेल प्रबंधन से चर्चा का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.