केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दार्जिलिंग चाय को वैश्विक बाजार में फिर मजबूत पहचान दिलाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का मार्केटिंग अभियान शुरू करने की घोषणा की है. यह अभियान निर्यात संवर्धन मिशन के तहत चलाया जाएगा.

गोयल ने 22 नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के कुर्सियांग में चाय उद्योग से जुड़े उत्पादकों, बागान मालिकों, छोटे चाय उत्पादकों, निर्यातकों और अन्य हितधारकों के साथ चर्चा की. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य चाय निर्यात बढ़ाना और दार्जिलिंग के चाय उद्योग को बेहतर मूल्य दिलाना है.

निर्यातकों को माल ढुलाई में सहायता

दार्जिलिंग और अन्य चाय उत्पादक क्षेत्रों से बंदरगाहों तक चाय पहुंचाने की अंतर्देशीय माल ढुलाई लागत काफी अधिक होने की बात सामने आई. सरकार ने निर्यात संवर्धन मिशन के तहत इस लागत से राहत देने के लिए सहायता योजना पर काम करने की बात कही है.

बैठक में दार्जिलिंग नाम के दुरुपयोग को रोकने, नकली या सस्ती चाय की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने और चाय की भौगोलिक संकेतक यानी GI पहचान की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया.

चाय नीलामी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने के लिए सुधारों पर चर्चा हुई. Tea Board की कार्यप्रणाली को आसान बनाने, चाय अनुसंधान को मजबूत करने और छोटे उत्पादकों तक तकनीकी सेवाएं पहुंचाने को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने 282.11 मिलियन किलोग्राम चाय का निर्यात किया, जिसका मूल्य 8,732.62 करोड़ रुपये रहा.