केंद्र सरकार गहरे समुद्र और अति-गहरे समुद्री क्षेत्रों में तेल एवं गैस की खोज के लिए ड्रिलिंग लागत का 50 प्रतिशत तक वहन करेगी. यह सहायता ‘समुद्र मंथन’ राष्ट्रीय ऑफशोर एक्सप्लोरेशन योजना के तहत दी जाएगी. योजना का कुल परिव्यय ₹84,084 करोड़ है और इसे वित्त वर्ष 2030-31 तक लागू किया जाना है.
योजना के तहत 60 गहरे समुद्री कुओं की खुदाई का लक्ष्य रखा गया है. 56 खोजी कुओं के लिए वास्तविक ड्रिलिंग लागत का 50 प्रतिशत तक सहयोग मिलेगा, लेकिन प्रति कुआं अधिकतम सीमा ₹675 करोड़ होगी. चार स्ट्रैटिग्राफिक कुओं के लिए लागत का 100 प्रतिशत तक सहयोग देने का प्रावधान है, जिसकी सीमा प्रति कुआं ₹1,350 करोड़ रखी गई है.
सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार, सहायता की वसूली व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने के सात साल बाद या कंपनी की खोज एवं विकास लागत का 50 प्रतिशत वसूल होने पर शुरू होगी—इनमें जो पहले हो. रकम वार्षिक किस्तों में लौटानी होगी और उस पर महंगाई या समय-मूल्य के आधार पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा.
योजना में समुद्री भूकंपीय सर्वेक्षण, साझा ऑफशोर बुनियादी ढांचा और तेल-गैस विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों के विकास के लिए भी प्रावधान हैं. सरकार का उद्देश्य घरेलू उत्पादन बढ़ाना और आयात पर निर्भरता घटाना है.
