जोमैटो के सह-संस्थापक और CEO दीपिंदर गोयल के गुरुग्राम स्थित लग्जरी अपार्टमेंट की अनुमानित कीमत तीन साल में करीब 88 करोड़ रुपये बढ़ गई है. गोल्फ कोर्स रोड के DLF The Camellias में स्थित इस अपार्टमेंट की मौजूदा कीमत 140 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोयल ने अगस्त 2022 में यह 10,813 वर्ग फुट का अपार्टमेंट सीधे डेवलपर से 52.3 करोड़ रुपये में खरीदा था. इसकी कन्वेयंस डीड मार्च 2025 में रजिस्टर्ड हुई और इसके लिए 3.66 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकाई गई.

हालांकि, 140 करोड़ रुपये का आंकड़ा गोयल के अपार्टमेंट की आधिकारिक रीसेल कीमत नहीं है. यह उसी परियोजना में समान आकार के अपार्टमेंट की मौजूदा संभावित बाजार कीमत का अनुमान है. इस आधार पर संपत्ति के मूल्य में करीब 168 फीसदी की संभावित बढ़ोतरी मानी जा रही है.

गोल्फ कोर्स रोड की प्रीमियम संपत्ति

यह अपार्टमेंट गुरुग्राम के DLF Phase-5 में स्थित है. परियोजना को दिल्ली-NCR के महंगे रिहायशी इलाकों में गिना जाता है. गोयल के घर में बड़ा लिविंग और डाइनिंग एरिया, कई बेडरूम और गोल्फ कोर्स की ओर खुलने वाली बड़ी खिड़कियां बताई गई हैं.

प्रॉपर्टी बाजार के जानकारों और ब्रोकरों के अनुमान के मुताबिक, गोल्फ कोर्स रोड की लग्जरी परियोजनाओं में बढ़ती मांग इस मूल्यवृद्धि की प्रमुख वजह हो सकती है.

दिल्ली में भी जमीन का सौदा

गोयल ने दिल्ली की महरौली तहसील के डेरा मंडी गांव में करीब पांच एकड़ जमीन भी खरीदी है. उपलब्ध प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, यह सौदा दो अलग-अलग हिस्सों में हुआ था और इसकी कीमत करीब 79 करोड़ रुपये बताई गई है.