त्योहारी सीजन में दिल्ली-एनसीआर के आवासीय बाजार में प्रीमियम और लग्जरी घरों की मांग बढ़ी है. गुरुग्राम, नोएडा और ग्रेटर नोएडा ऐसे प्रमुख बाजार बनकर उभरे हैं, जहां खरीदार बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाओं और लंबी अवधि की कीमत वृद्धि की संभावना देख रहे हैं.
Omaxe के प्रबंध निदेशक मोहित गोयल के अनुसार, 2026 की तीसरी तिमाही में नई दिल्ली में आवास की मांग तिमाही आधार पर 9.9 प्रतिशत बढ़ी. उनके मुताबिक, 3 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों की मांग नोएडा में 19 प्रतिशत और ग्रेटर नोएडा में 34 प्रतिशत बढ़ी.
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे और विकसित हो रहे सेक्टर प्रीमियम खरीदारों का ध्यान खींच रहे हैं. बेहतर सड़क संपर्क, बुनियादी ढांचे का विस्तार और बड़े घरों की मांग इसके प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं.
खरीदार अब केवल त्योहारी ऑफर या कीमत पर निर्भर नहीं हैं. निर्माण गुणवत्ता, डिलीवरी रिकॉर्ड, डेवलपर की साख, प्राकृतिक रोशनी, वेंटिलेशन, निजी जगह और आसपास की सुविधाएं भी निर्णय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले महीनों में प्रीमियम और मिड-प्रीमियम श्रेणी अपेक्षाकृत मजबूत रह सकती है, हालांकि मास-मार्केट खरीदारों के लिए किफायती कीमत अब भी अहम चुनौती रहेगी.
