दिल्ली में नई आबकारी नीति लागू होने के बाद शराब की कीमतें बढ़ सकती हैं. प्रस्तावित नीति में उत्पाद शुल्क और खुदरा विक्रेताओं के मार्जिन में बदलाव पर विचार किया जा रहा है. इसका असर शराब की खुदरा कीमतों पर पड़ने की संभावना है.
नीति का एक प्रमुख उद्देश्य प्रीमियम घरेलू और आयातित ब्रांडों की उपलब्धता बढ़ाना है. दुकानों के आकार, सुविधाओं और संचालन के तरीके में भी बदलाव किए जाने की योजना है, ताकि ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव मिल सके.
सरकार के नियंत्रण में रहेंगी दुकानें
प्रस्तावित व्यवस्था में निजी कंपनियों को शराब की खुदरा बिक्री सौंपने की योजना नहीं बताई गई है. मौजूदा व्यवस्था की तरह दिल्ली की चार सरकारी एजेंसियां ही दुकानों का संचालन जारी रख सकती हैं. राजधानी में 700 से अधिक शराब दुकानें संचालित हैं.
वर्तमान व्यवस्था में भारतीय निर्मित विदेशी शराब पर खुदरा विक्रेता को प्रति बोतल 50 रुपये और विदेशी शराब पर अधिकतम 100 रुपये का तय मार्जिन मिलता है. इसे बढ़ाने पर महंगी शराब रखने के लिए दुकानों को प्रोत्साहन मिल सकता है, लेकिन अतिरिक्त लागत उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकती है.
वित्त वर्ष 2025-26 में शराब बिक्री से दिल्ली सरकार को करीब 6,300 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था. चालू वित्त वर्ष के लिए 7,200 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है. मौजूदा आबकारी नीति 31 मार्च 2027 तक बढ़ाई गई है; नई नीति की अंतिम मंजूरी और लागू होने की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है.
