दिल्ली के स्टार्टअप ‘मोक्श वॉयेज’ ने लोगों को जीवन रहते अपने अंतिम संस्कार और उससे जुड़ी धार्मिक विधियों की योजना बनाने तथा प्री-बुकिंग कराने का विकल्प दिया है. इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में स्टॉल लगाए जाने के बाद यह सेवा सोशल मीडिया पर चर्चा में आई.
‘मोक्श वॉयेज’ का संचालन नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड करती है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, व्यक्ति अपनी पसंद, पारिवारिक परंपरा और धार्मिक प्राथमिकताओं के आधार पर अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाएं पहले से दर्ज करा सकता है. कंपनी के मुताबिक, अब तक 300 से अधिक लोग इसके लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
₹6 हजार से शुरू होते हैं पैकेज
सेवा के पैकेज करीब ₹6,000 से शुरू होकर लगभग ₹1.5 लाख तक जाते हैं. अंतिम संस्कार दिवस से जुड़े पैकेज में परिवार के साथ समन्वय, पंडित, पूजन सामग्री, अंतिम यात्रा वाहन और जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया की व्यवस्था शामिल बताई गई है.
‘श्राद्ध सेवा’ के तहत अंतिम संस्कार से लेकर अस्थि संचयन और अस्थि विसर्जन तक की विधियों के लिए पंडित और वाहन उपलब्ध कराने की बात कही गई है. वहीं, ‘मोक्श संकल्प’ पैकेज में अंतिम संस्कार, अस्थि विसर्जन, दसवें और तेरहवें दिन की विधियां, ब्राह्मण भोजन तथा हरिद्वार या अन्य तीर्थस्थल की यात्रा जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
कंपनी के अनुसार, एंबुलेंस, शववाहिनी और मॉर्च्युरी या फ्रीजर बॉक्स जैसी तत्काल सेवाएं भी उपलब्ध हैं. आर्थिक रूप से कमजोर, लावारिस या बेसहारा लोगों के अंतिम संस्कार के लिए ‘मोक्श सेवा’ के तहत मुफ्त सहायता देने का दावा किया गया है. विदेश में रहने वाले परिवारों के लिए रिमोट कोऑर्डिनेशन और विदेश में मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद का प्रावधान भी बताया गया है.
इस मॉडल को लेकर प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं. कुछ लोग इसे शोक की स्थिति में परिवार का व्यवस्थागत बोझ कम करने वाला विकल्प मानते हैं, जबकि कुछ लोगों ने अंतिम संस्कार और धार्मिक परंपराओं के व्यावसायीकरण पर सवाल उठाए हैं.
