बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि राजस्व अभिलेख में किसी व्यक्ति का नाम दर्ज हो जाने मात्र से उसे जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल जाता. अदालत ने कहा कि नामांतरण राजस्व वसूली के उद्देश्य से किया जाता है और इससे संपत्ति पर किसी व्यक्ति का अधिकार न तो बनता है, न समाप्त होता है.
यह मामला धमतरी जिले की जमीन से जुड़ा है. संतोष तिवारी के पिता और उनकी बुआ स्वर्गीय भगवंतिन बाई की संपत्ति पर विवाद था. राजनांदगांव निवासी शुभेंद्र कुमार शर्मा ने 9 जून 1997 के गोदनामा के आधार पर भगवंतिन बाई की जमीन पर अपना अधिकार जताया था. गोदनामा तैयार होने के समय उनकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है.
भगवंतिन बाई की 10 अक्टूबर 2014 को मृत्यु के बाद शुभेंद्र ने जमीन अपने नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था. तहसीलदार, धमतरी ने आवेदन स्वीकार कर नामांतरण का आदेश जारी किया. संतोष तिवारी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 15 के तहत जमीन पर उनका अधिकार बनता है और गोदनामा फर्जी है.
राजस्व अनुविभागीय अधिकारी ने उनकी अपील खारिज कर दी. इसके बाद अतिरिक्त आयुक्त, रायपुर संभाग ने 22 जून 2021 को अपील स्वीकार करते हुए नामांतरण रद्द कर दिया. राजस्व मंडल ने 22 दिसंबर 2021 को यह आदेश पलटकर तहसीलदार का फैसला बहाल कर दिया.
जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की सिंगल बेंच ने कहा कि दोनों पक्ष मालिकाना हक का दावा कर रहे हैं और जमीन को तीसरे पक्षों को बेचने से जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं. इसलिए विवाद का निर्णय रिट याचिका में नहीं किया जा सकता. हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को सक्षम दीवानी अदालत में मुकदमा दायर करने की स्वतंत्रता दी. अदालत ने स्पष्ट किया कि वास्तविक स्वामित्व का फैसला दीवानी अदालत कानून के अनुसार करेगी.
