धनतेरस और दिवाली पर सोना खरीदते समय केवल उसकी चमक, रंग या वजन देखकर असली-नकली का फैसला नहीं करना चाहिए. शुद्धता की सही जांच के लिए दुकान पर कुछ जरूरी बातों की पड़ताल की जा सकती है.

खरीदारी से पहले इन 5 बातों की जांच करें

पहला, आभूषण पर BIS का मानक चिह्न, कैरेट और फिननेस यानी शुद्धता का अंक जरूर देखें. सोने के आभूषणों में 14K (585), 18K (750), 20K (833), 22K (916), 23K (958) और 24KS (995) जैसे ग्रेड दर्ज हो सकते हैं.

दूसरा, छह अंकों वाला HUID नंबर जांचें. इसे BIS Care ऐप के ‘Verify HUID’ फीचर में डालकर आभूषण और संबंधित पंजीकृत विक्रेता की जानकारी देखी जा सकती है.

तीसरा, दुकान पर रखे 10X आवर्धक शीशे से हॉलमार्क के सभी निशान खुद मिलाएं. चौथा, बिल में आभूषण का विवरण, कीमती धातु का शुद्ध वजन, कैरेट-फिननेस और हॉलमार्किंग शुल्क दर्ज कराएं.

पांचवां, संदेह होने पर आभूषण की शुद्धता BIS से मान्यता प्राप्त Assaying and Hallmarking Centre में जांची जा सकती है. हॉलमार्क वाले आभूषण की शुद्धता कम पाए जाने पर नियमों के तहत उपभोक्ता को मुआवजे का प्रावधान है.