प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शेयरों में कथित हेरफेर और छोटे निवेशकों को हुए नुकसान से जुड़े मामले में गुजरात और महाराष्ट्र के छह शहरों में 29 ठिकानों पर तलाशी ली. यह कार्रवाई मुंबई, नासिक, अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत और भावनगर में की गई.
जांच R M Drip and Sprinklers Systems Ltd और R&B Denims Ltd के शेयरों में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हेरफेर से जुड़ी है. ED ने यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की है.
जांच एजेंसी के अनुसार, दिसंबर 2025 के अंत से फरवरी 2026 के बीच ‘Multibagger Stocks’ नाम वाले WhatsApp समूहों के जरिए इन कंपनियों के शेयर खरीदने के संदेश प्रसारित किए गए. आरोप है कि इन संदेशों का इस्तेमाल निवेशकों को शेयर खरीदने के लिए प्रभावित करने में किया गया.
जांच में यह भी सामने आया कि WhatsApp समूहों के संचालन के लिए इस्तेमाल किए गए कुछ SIM कार्ड हरियाणा और मुंबई के अन्य लोगों के नाम पर पंजीकृत थे, जबकि समूहों का संचालन गुजरात के भावनगर से किए जाने का संदेह है. तलाशी की कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने संबंधित व्यक्तियों, शेयर-ब्रोकर संस्थाओं और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े परिसरों की जांच की. मामले में आगे की जांच जारी है.
