कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की नई WhatsApp सेवा शुरू होने के बाद कई सदस्यों को इसका इस्तेमाल करने में परेशानी आ रही है. उपयोगकर्ताओं के अनुसार, आधिकारिक WhatsApp नंबर पर ‘Hi’ भेजने के बाद जवाब मिलने में काफी समय लग रहा है. भाषा चुनने और सेवा का विकल्प दबाने के बाद भी कई मामलों में जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही है.
किन सेवाओं में आ रही परेशानी
WhatsApp चैटबॉट के जरिए PF बैलेंस, पिछले पांच लेन-देन और पासबुक से जुड़ी जानकारी देने का प्रावधान किया गया है. हालांकि, कुछ यूजर्स ने ‘Something went wrong’ जैसे संदेश मिलने की शिकायत की है. कई लोगों के मुताबिक, तीनों विकल्पों को बार-बार चुनने पर भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही.
EPFO की इस पहल का उद्देश्य सदस्यों को सामान्य PF जानकारी के लिए पोर्टल या कार्यालय जाने की जरूरत कम करना है. फिलहाल, सेवा में दिक्कत आने पर सदस्य EPFO के आधिकारिक मेंबर पोर्टल या UMANG ऐप के जरिए PF बैलेंस और पासबुक देख सकते हैं. किसी अनजान नंबर पर UAN पासवर्ड, OTP, आधार या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें.
