कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने बीमारी, मातृत्व और काम के दौरान लगी चोट से जुड़े नकद लाभों के भुगतान की प्रक्रिया आसान करने के लिए नए विनियम अधिसूचित किए हैं. Employees’ State Insurance (General) Regulations, 2026 पुराने 1950 के नियमों की जगह लेंगे और Social Security Code, 2020 के प्रावधानों को लागू करेंगे.

नए नियमों के तहत बीमारी और मातृत्व लाभ का क्लेम बिना अलग आवेदन के प्रोसेस किया जा सकेगा. इसके लिए मेडिकल सर्टिफिकेट ESIC के सूचना तंत्र से जारी होना, नियोक्ता की जरूरी मासिक रिटर्न जमा होना और कर्मचारी का आधार-लिंक्ड बैंक खाता व आधार से जुड़ा बीमा नंबर होना जरूरी है. पात्र भुगतान Direct Benefit Transfer (DBT) के जरिए बैंक खाते में भेजा जाएगा.

रोजगार से जुड़ी चोट के मामलों में नियोक्ता की दुर्घटना रिपोर्ट को ही अस्थायी या स्थायी दिव्यांगता और आश्रित लाभ के लिए क्लेम माना जा सकेगा. ESIC रिपोर्ट के आधार पर भुगतान शुरू कर सकता है.

हालांकि, ये प्रावधान अधिसूचना जारी होते ही लागू नहीं होंगे. इनके प्रभावी होने की तारीख ESIC के महानिदेशक तय करेंगे. तकनीकी या बैंकिंग समस्या होने पर कारण दर्ज करके किसी अन्य भुगतान माध्यम का इस्तेमाल किया जा सकेगा.