यूरोपीय संघ के भारत में राजदूत जीन-एरिक पके ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात कर प्रस्तावित भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से राज्य और पूर्वोत्तर को मिलने वाले संभावित अवसरों पर चर्चा की.
पके ने कहा कि समझौता निवेश, कौशल विकास, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के नए रास्ते खोल सकता है. बैठक में असम ब्लू वैली पहल को आगे की साझेदारी के लिए शुरुआती मंच बताया गया.
स्टार्टअप और संस्थागत भागीदारी पर जोर
गुवाहाटी में आयोजित ईयू-असम गोलमेज चर्चा में शिक्षा, विज्ञान, डीप-टेक, टिकाऊ विकास, नवाचार और उद्योग में सहयोग की संभावनाओं पर विचार हुआ. असम के मुख्य सचिव रवि कोटा के अनुसार, विभिन्न विभागों, उद्योग प्रतिनिधियों और करीब 45 स्टार्टअप ने साझेदारी बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की.
बैठक में जैव प्रौद्योगिकी, नैनो प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री, जलवायु व जल अनुसंधान, स्वास्थ्य और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में यूरोपीय संस्थानों के साथ संपर्क मजबूत करने की जरूरत भी रेखांकित की गई.
पूर्वोत्तर में यूरोपीय निवेश और मूल्य-श्रृंखला साझेदारी की संभावना पहले भी उठती रही है. ईयू की जून 2026 की टीम यूरोप यात्रा के दौरान असम में हरित ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, चाय, कृषि-खाद्य प्रसंस्करण, सुगंध तथा आयुष क्षेत्रों को सहयोग के संभावित क्षेत्र बताया गया था.
