लोकसभा की वित्त संबंधी स्थायी समिति ने वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान विस्तृत जांच और रिपोर्ट तैयार करने के लिए 46 आर्थिक विषयों का चयन किया है. समिति के एजेंडे में वर्चुअल डिजिटल एसेट्स यानी क्रिप्टो से जुड़े मुद्दे और वित्तीय क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाएं भी शामिल हैं.

समिति मुद्रा और मूल्य स्थिरता की रणनीति, मुद्रा प्रबंधन, वित्तीय क्षेत्र के नियामक ढांचे और सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्तियों के मौद्रीकरण की समीक्षा करेगी. बैंकिंग, पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और असंगठित क्षेत्र की सामाजिक सुरक्षा भी जांच के दायरे में होंगे.

एजेंडे में छोटी बचत योजनाओं, बदलती अर्थव्यवस्था में RBI की भूमिका और SEBI के प्रदर्शन की समीक्षा भी शामिल है. इसके अलावा कस्टम्स, GST और प्रत्यक्ष कर सुधारों पर विचार किया जाएगा. समिति NBFC क्षेत्र में मौजूद नियामकीय कमियों और वर्चुअल डिजिटल एसेट्स के भविष्य का अध्ययन करेगी.

कॉरपोरेट मामलों से जुड़े विषयों में NCLT की चुनौतियां, CSR, कॉरपोरेट ई-गवर्नेंस और ऑडिटरों की जवाबदेही शामिल हैं. नीति आयोग की क्षेत्रीय रोडमैप तैयार करने में भूमिका, आकांक्षी जिला कार्यक्रम और राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी की भी समीक्षा की जाएगी.

समिति की अध्यक्षता भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब कर रहे हैं. इसमें लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य हैं.