जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में शनिवार को शिक्षा के लिए फंडिंग, बढ़ती महंगाई और अनिवार्य सैन्य सेवा के खिलाफ हुए Gen Z प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और लूटपाट की घटनाएं सामने आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कई दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ जगहों पर लूटपाट हुई.

‘जेन Z रेगेल्ट’ समूह के आह्वान पर बर्लिन, फ्रैंकफर्ट और म्यूनिख समेत जर्मनी के 34 शहरों में प्रदर्शन हुए. इनमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए. प्रदर्शनकारी बेहतर रोजगार, आर्थिक सुरक्षा और सरकारी सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे थे.

फ्रैंकफर्ट पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि शहर के केंद्र में हिंसक उपद्रव जारी हैं और कई दुकानों की खिड़कियां तोड़ दी गई हैं. पुलिस के मुताबिक, आपातकालीन सेवाओं पर मोलोटोव कॉकटेल भी फेंके गए. अधिकारियों ने लोगों से शहर के केंद्र में जाने से बचने या वहां से निकलने की अपील की.

हैम्बर्ग में कुछ बैरिकेड्स में आग लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई. हालांकि, जर्मन अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे. उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि चरमपंथी समूह भीड़-भाड़ वाले प्रदर्शनों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं.

बर्लिन में एक रैली के दौरान समूह की प्रवक्ता ने कहा कि उनका आंदोलन युद्ध के लिए नहीं, बल्कि शांति और आजादी के लिए है. ये प्रदर्शन यूरोप के कई हिस्सों में युवाओं के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शनों की व्यापक कड़ी का हिस्सा बताए जा रहे हैं.