भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के आरोप में TCF Chocolates & Gifts Pvt. Ltd. और Shivam Agro के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं. दोनों इकाइयों को निलंबन की अवधि में खाद्य कारोबार से जुड़ी सभी गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया गया है.
निरीक्षण के दौरान TCF Chocolates में स्वच्छता की कमी, कीटों का प्रकोप, एक्सपायर्ड फूड कलर और फ्लेवर तथा खाद्य संचालकों की स्वच्छता और सुरक्षा उपायों में खामियां दर्ज की गईं. कंपनी अनिवार्य खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सकी. लेबलिंग और खाद्य-संपर्क सामग्री से जुड़ी कमियां भी सामने आईं.
Shivam Agro में स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियों के साथ चूहे की गतिविधि, खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री का अनुचित भंडारण तथा जंग लगे और क्षतिग्रस्त उपकरण पाए गए. निरीक्षण में प्रयोगशाला परीक्षण रिकॉर्ड और कुछ लेबल पर सर्विंग संबंधी जानकारी तथा कोलेस्ट्रॉल सामग्री के उल्लेख में भी खामियां बताई गईं.
FSSAI के निर्देशों के अनुसार, दोनों कंपनियां कमियां दूर किए जाने और आगे की नियामकीय प्रक्रिया पूरी होने तक खाद्य उत्पादन, भंडारण और कारोबार नहीं कर सकेंगी.
