गांधीनगर CID क्राइम पुलिस थाने में भारतीय नेशनल जनता दल (BNJD) के पदाधिकारियों और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ कथित फर्जी चंदे, हवाला लेनदेन और आयकर चोरी का मामला दर्ज किया गया है. शिकायत आयकर विभाग के अहमदाबाद स्थित यूनिट 2-1 के डिप्टी कमिश्नर डॉ. राजेंद्र राजे ने दर्ज कराई है.
शिकायत के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2024-25 के बीच 56,238 दाताओं से कुल ₹1,143,85,66,970 का चंदा लिया गया. जांच एजेंसी का आरोप है कि इस रकम को वास्तविक राजनीतिक गतिविधियों के बजाय अलग-अलग फर्जी फर्मों के बैंक खातों में भेजा गया और अनाज, दालों तथा अन्य सामान की खरीद के नाम पर कथित तौर पर फर्जी बिल बनाए गए.
आरोप है कि रकम बैंक से नकद निकालने के बाद 2 से 10 प्रतिशत तक कमीशन काटा जाता था और शेष राशि आंगड़िया फर्मों या हवाला नेटवर्क के जरिये मूल दाताओं तक लौटाई जाती थी. इसी आधार पर सरकार को करीब ₹343 करोड़ की प्रत्यक्ष आयकर चोरी होने का दावा शिकायत में किया गया है.
तलाशी में दस्तावेज मिलने का दावा
आयकर विभाग ने 12 नवंबर 2025 को गांधीनगर के सेक्टर-11 स्थित BNJD कार्यालय तथा पार्टी अध्यक्ष सुरेंद्रकुमार गजेरा और कोषाध्यक्ष रोनकसिंह चावड़ा के परिसरों में तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की थी. शिकायत के अनुसार, चावड़ा के घर से हवाला रसीदें और चैट्स बरामद हुईं.
पार्टी अध्यक्ष सुरेंद्रकुमार विठ्ठलभाई गजेरा पर कथित नेटवर्क की निगरानी और कमीशन दर तय करने का आरोप है. महासचिव विपुल सोलंकी पर दाताओं की जानकारी लेकर कथित फर्जी चंदा पर्चियां तैयार करने का आरोप लगाया गया है. शिकायत में सीए ऑडिटर आदिल सैयद पर पर्याप्त जांच के बिना डिजिटल हस्ताक्षर करने और कथित गलत ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने का भी आरोप है. इन आरोपों पर संबंधित पक्षों का पक्ष उपलब्ध नहीं कराया गया है.
