बिलासपुर जिले की कोटा तहसील के ग्राम गत्वा फाटक में जमीन अतिक्रमण से जुड़े मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने राजस्व मंडल का 25 अक्टूबर 2017 का आदेश निरस्त कर दिया है. कोर्ट ने मूल प्रकरण बहाल करते हुए राजस्व मंडल को सभी पक्षों को सुनकर छह महीने के भीतर कानून के अनुसार नए सिरे से निर्णय लेने का निर्देश दिया है.

मामला सर्वे नंबर 57 की कुल 2.109 हेक्टेयर जमीन में से 0.061 हेक्टेयर हिस्से से जुड़ा है. बैशाखिया बाई पर इस हिस्से में अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए सरजू प्रसाद मिश्रा ने 28 जून 2014 को छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 250 के तहत कोटा तहसीलदार के समक्ष आवेदन दिया था. तहसीलदार ने 5 अगस्त 2014 को आवेदन स्वीकार किया. इसके बाद बैशाखिया बाई की अपील अनुविभागीय अधिकारी और आयुक्त, दोनों स्तरों पर खारिज हुई.

बाद में राजस्व मंडल में दायर पुनरीक्षण याचिका पर 27 मई 2017 को बैशाखिया बाई के पक्ष में आदेश हुआ. इसके खिलाफ सरजू प्रसाद मिश्रा ने पुनर्विचार आवेदन लगाया. उनके निधन के बाद उनकी पत्नी पियूषा मिश्रा और दो नाबालिग बेटों सुखदेव व सार्थक ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की.

याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि मूल विवाद केवल अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही तक सीमित था. इसके बावजूद राजस्व मंडल ने पुनर्विचार के दौरान मालिकाना हक और विपरीत कब्जे के मुद्दों पर निर्णय दिया तथा कलेक्टर को स्वतः पुनरीक्षण शुरू करने का निर्देश भी दिया.

जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की एकलपीठ ने कहा कि पुनर्विचार स्वीकार होने के बाद मूल प्रकरण दोबारा सुनवाई के लिए बहाल हो जाता है. इसलिए राजस्व मंडल को मूल पुनरीक्षण याचिका पर नए सिरे से गुण-दोष के आधार पर फैसला करना चाहिए था.