गुजरात एनर्जी लिमिटेड (GEL) और GSPL Transmission Limited (GTL) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए गुजरात सरकार को कुल ₹384.67 करोड़ का डिविडेंड दिया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह राज्य सरकार के नियंत्रण वाली किसी कंपनी की ओर से एक वित्तीय वर्ष में दिया गया अब तक का सबसे अधिक डिविडेंड है.

इस भुगतान में GEL का योगदान ₹324 करोड़ और GTL का योगदान ₹60.67 करोड़ है. दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को डिविडेंड राशि के चेक सौंपे. इस अवसर पर ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग से जुड़े मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

पुनर्गठन के बाद बढ़ी सरकारी हिस्सेदारी

कंपनी प्रबंधन के अनुसार, हालिया ‘स्कीम ऑफ अरेंजमेंट’ से दोनों कंपनियों की वित्तीय क्षमता और सरकार को डिविडेंड देने की क्षमता में बढ़ोतरी हुई है. इस योजना को राज्य सरकार, निदेशक मंडल, शेयरधारकों और केंद्रीय कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय की मंजूरी के बाद 1 मई 2026 को लागू किया गया था.

पुनर्गठन के तहत गुजरात गैस लिमिटेड में गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (GSPC) का समावेश हुआ और कंपनी को गुजरात एनर्जी लिमिटेड के रूप में नई पहचान मिली. वहीं, गुजरात स्टेट पेट्रोनेट लिमिटेड (GSPL) का गैस ट्रांसमिशन कारोबार अब GSPL Transmission Limited के तहत संचालित किया जा रहा है.

योजना लागू होने से पहले गुजरात गैस लिमिटेड में राज्य सरकार की हिस्सेदारी करीब 6 प्रतिशत थी, जो पुनर्गठन के बाद लगभग 38 प्रतिशत हो गई. GTL में भी सरकार की प्रत्यक्ष हिस्सेदारी करीब 38 प्रतिशत बताई गई है.

वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच गुजरात गैस लिमिटेड से सरकार को कुल करीब ₹81.55 करोड़ का डिविडेंड मिला था. इसके मुकाबले GEL ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अकेले ₹324 करोड़ का भुगतान किया है.