भारतीय निवेशकों के बीच गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड यानी Gold ETF की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है. सितंबर 2023 से अब तक गोल्ड ETF के फोलियो की संख्या 2.6 गुना बढ़ी है. इसी अवधि में लार्ज-कैप इक्विटी फंडों के फोलियो में 1.3 गुना वृद्धि दर्ज की गई.

ओम्नीसाइंस कैपिटल की रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड ETF का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट करीब 1.9 लाख करोड़ रुपये हो गया है. यह लार्ज-कैप इक्विटी फंडों के लगभग 4 लाख करोड़ रुपये के AUM का करीब 47 फीसदी है.

निवेशकों को FOMO से सावधान रहने की सलाह

ओम्नीसाइंस कैपिटल के प्रेसिडेंट और चीफ पोर्टफोलियो मैनेजर अश्विनी शामी के मुताबिक, सोने की कीमतों में तेजी देखकर निवेशक बेहतर रिटर्न का मौका छूटने के डर यानी FOMO के कारण इसमें पैसा लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसी एक एसेट की ओर इस तरह बढ़ता झुकाव संतुलित निवेश रणनीति के लिहाज से उचित नहीं है.

विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्य तौर पर निवेश पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी 5 से 10 फीसदी तक रखी जा सकती है. प्राइवेट इक्विटी, रियल ए estate और अन्य वैकल्पिक निवेश साधनों को मिलाकर कुल हिस्सेदारी 10 से 20 फीसदी के बीच रखने की सलाह दी जाती है.

गोल्ड ETF क्या है और इसके फायदे क्या हैं

गोल्ड ETF शेयर बाजार में सूचीबद्ध ऐसा फंड है, जिसके जरिए बिना भौतिक सोना खरीदे उसमें निवेश किया जा सकता है. इसकी कीमत सोने के बाजार भाव से जुड़ी होती है. सोने का भाव बढ़ने पर निवेश का मूल्य बढ़ सकता है और भाव गिरने पर मूल्य कम भी हो सकता है.

इसके प्रमुख फायदों में शुद्धता की चिंता न होना, सुरक्षा और लॉकर की जरूरत न पड़ना, मेकिंग चार्ज से बचाव, छोटी राशि से शुरुआत और शेयर की तरह आसानी से खरीद-बिक्री शामिल हैं. विशेषज्ञों ने निवेशकों को हालिया तेजी के आधार पर जरूरत से ज्यादा निवेश करने के बजाय अपने पूरे पोर्टफोलियो की समीक्षा करने की सलाह दी है.