सोने की कीमतों में इस साल तेज गिरावट देखी गई है. MCX के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी के शिखर से फ्यूचर सोना करीब 72,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है. कीमत में यह गिरावट 12 महीने की अवधि में 1980 के दशक की शुरुआत के बाद सबसे बड़ी गिरावटों में शामिल बताई जा रही है.

सोने की कमजोरी का अंदाजा इसके तकनीकी संकेतकों से भी लगाया जा सकता है. उपलब्ध बाजार आंकड़ों के अनुसार, सोना अपने 200-दिन के मूविंग एवरेज से करीब 20% नीचे कारोबार कर रहा है. यह जून 2013 के बाद इस औसत से सबसे बड़ी नकारात्मक दूरी है. जनवरी में स्थिति इसके उलट थी, जब सोना अपने 200-दिन के मूविंग एवरेज से 45% ऊपर चला गया था. यह 1970 के दशक के बाद का सबसे ऊंचा स्तर बताया गया था.

The Kobeissi Letter के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी के इंट्राडे शिखर से सोने की कीमत करीब 37% गिर चुकी है. 2008 के वित्तीय संकट के दौरान भी सोना अपने 200-दिन के मूविंग एवरेज से 20% नीचे गया था. हालांकि, इस आधार पर सबसे बड़ी गिरावट 1981 में दर्ज हुई थी, जब यह विचलन 27% रहा था.

MCX पर सोने-चांदी में हल्की रिकवरी

लगातार गिरावट के बाद बुधवार को MCX पर सोने और चांदी में तेजी आई. सोने का भाव 1,790 रुपये बढ़कर 1,22,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया. चांदी 4,211 रुपये की बढ़त के साथ 1,46,728 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही.

LKP Securities के कमोडिटी और करेंसी एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी के अनुसार, घरेलू बाजार में सोना करीब 1,500 रुपये बढ़कर 1,23,800 रुपये के आसपास पहुंचा, लेकिन ऊंचे स्तरों पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है. उनके मुताबिक, आगे बाजार की दिशा दिसंबर में होने वाली FOMC बैठक और अमेरिका के महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी. ये कारक ब्याज दरों की उम्मीदों और डॉलर की चाल को प्रभावित कर सकते हैं.

तकनीकी स्तरों पर 1,21,000 रुपये के आसपास सोने को सपोर्ट और 1,24,000 रुपये पर प्रतिरोध मिल सकता है. निवेशकों को खरीद-बिक्री से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श करना चाहिए, क्योंकि कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.