हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयरों पर CLSA, Citi और Goldman Sachs ने सकारात्मक रुख बरकरार रखा है. तीनों ब्रोकरेज ने कंपनी के लिए ₹5,481 से ₹6,175 तक के टारगेट प्राइस दिए हैं. Citi का लक्ष्य सबसे ऊंचा है, जो मौजूदा स्तर से करीब 27% तक संभावित तेजी का संकेत देता है.

ब्रोकरेज रिपोर्ट्स के मुताबिक, HAL में निवेशकों का ध्यान अब केवल बड़े ऑर्डर-बुक से हटकर ऑर्डर को समय पर पूरा करने और डिलीवरी बढ़ाने पर है. सप्लाई से जुड़ी अड़चनें कम होने के साथ तेजस Mk-1A, हेलीकॉप्टर और ट्रेनर एयरक्राफ्ट कार्यक्रमों में निष्पादन बेहतर होने की उम्मीद जताई गई है.

तीनों ब्रोकरेज के लक्ष्य

CLSA ने HAL पर Outperform रेटिंग बनाए रखते हुए ₹5,481 का टारगेट दिया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी के लिए निकट अवधि में डिलीवरी एक्जीक्यूशन सबसे अहम रहेगा. CLSA के अनुसार, HAL को 10 GE F404 इंजन मिल चुके हैं और मार्च तक 10 तेजस Mk-1A विमानों की डिलीवरी की उम्मीद है.

Citi ने Buy रेटिंग के साथ लक्ष्य बढ़ाकर ₹6,175 किया है. वहीं Goldman Sachs ने Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹5,870 का टारगेट दिया है. Goldman के मुताबिक, एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर—दोनों क्षेत्रों में डिलीवरी बढ़ने से कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग कारोबार में धीरे-धीरे तेजी आ रही है.