भारत में घर खरीदने की इच्छा बनी हुई है, लेकिन संभावित खरीदार अब कीमत, होम लोन की ईएमआई और नौकरी की स्थिरता को लेकर ज्यादा सतर्क हैं. Colliers के Homebuying Sentiment Survey 2026 के अनुसार, सर्वे में शामिल करीब 50% संभावित खरीदार अगले दो वर्षों में घर खरीदने की योजना बना रहे हैं.

सर्वे में 31% उत्तरदाताओं ने संपत्ति की कीमत और अपना बजट घर खरीदने में सबसे बड़ी चिंता बताया. डाउन पेमेंट, ईएमआई और अन्य खर्चों के साथ आय तथा नौकरी की सुरक्षा भी फैसले को प्रभावित कर रही है.

50 लाख से 1.5 करोड़ रुपये के घरों पर फोकस

करीब 46% उत्तरदाता 50 लाख से 1.5 करोड़ रुपये की कीमत वाली प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं. मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े बाजारों में महंगी प्रॉपर्टी की मांग बनी हुई है, लेकिन खरीदार कीमत और सुविधाओं के बीच संतुलन देख रहे हैं.

करीब 62% संभावित खरीदारों ने 2 और 3 BHK अपार्टमेंट को प्राथमिकता दी. कनेक्टिविटी, सुरक्षा और आसपास की सुविधाएं भी घर चुनने में महत्वपूर्ण कारक बन रही हैं.

आसान भुगतान और जल्द पजेशन की मांग

सर्वे में 65% उत्तरदाताओं ने आकर्षक कीमत और भुगतान में लचीलेपन को तत्काल खरीदारी के फैसले में महत्वपूर्ण बताया. 60% से अधिक संभावित खरीदार रेडी-टू-मूव या जल्द तैयार होने वाले घरों को प्राथमिकता दे रहे हैं. हालांकि, 30 साल से कम उम्र के करीब आधे खरीदार निर्माणाधीन परियोजनाओं में जोखिम लेने के लिए तैयार हैं.

सर्वे के निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि डेवलपर्स के लिए अलग-अलग बजट, स्पष्ट भुगतान शर्तें और समय पर पजेशन खरीदारों को वास्तविक सौदे तक पहुंचाने में अहम हो सकते हैं.