IDBI Bank की 60.72% हिस्सेदारी की बिक्री को लेकर उठ रहे कम कीमत में सौदा करने के सवालों पर सरकार ने सफाई दी है. केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) यह हिस्सेदारी Fairfax समूह की इकाई को ₹52,878.08 करोड़ में बेच रहे हैं. इसमें सरकार की 30.48% और LIC की 30.24% हिस्सेदारी शामिल है.

सरकार के अनुसार, सौदे के लिए केवल शेयर बाजार की कीमत को आधार नहीं बनाया गया. मूल्यांकन में दो स्वतंत्र सलाहकारों की रिपोर्ट, बैंक की जमीन और अन्य संपत्तियां, ब्रांड वैल्यू, बैंकिंग लाइसेंस और देनदारियों को शामिल किया गया. सरकार ने कहा कि IDBI Bank के शेयर में सीमित सार्वजनिक कारोबार होने के कारण बाजार भाव को कंपनी के वास्तविक मूल्य का पर्याप्त संकेतक नहीं माना गया.

₹3,917 करोड़ का हिसाब

सरकारी स्पष्टीकरण के मुताबिक, विवादित कर मांगों से जुड़ी संभावित देनदारी ₹627 करोड़ थी. हालांकि, बोली प्रक्रिया में इस मद को शामिल करने के बाद प्राप्त कीमत में ₹3,917 करोड़ की वृद्धि हुई. सरकार ने इसे कम जोखिम वाली और राजस्व पर तत्काल असर न डालने वाली संभावित देनदारी बताया है.

सौदा पूरा होने के बाद केंद्र के पास IDBI Bank की 15% और LIC के पास 19% हिस्सेदारी रहेगी. सरकार का कहना है कि बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन और भविष्य में मूल्य बढ़ने की स्थिति में इन बची हुई हिस्सेदारियों से भी लाभ मिल सकता है.