केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने IDBI Bank में 60.72% हिस्सेदारी की रणनीतिक बिक्री को मंजूरी दे दी है. यह हिस्सेदारी Fairfax Financial Holdings की इकाई M/s 10955230 Canada Inc. को ₹52,878.08 करोड़ में बेची जाएगी.
बिकने वाली हिस्सेदारी में केंद्र सरकार की 30.48% और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की 30.24% हिस्सेदारी शामिल है. लेनदेन पूरा होने के बाद केंद्र सरकार के पास बैंक की 15% और LIC के पास 19% हिस्सेदारी रहेगी. दोनों की संयुक्त हिस्सेदारी 34% होगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सफल बोली ₹81 प्रति शेयर की रही, जो दो स्वतंत्र मूल्यांकन एजेंसियों से तय ₹75.99 प्रति शेयर के मानक मूल्य से अधिक है.
कई चरणों में चली बिक्री प्रक्रिया
IDBI Bank की रणनीतिक बिक्री प्रक्रिया के लिए अक्टूबर 2022 में रुचि-पत्र आमंत्रित किए गए थे. प्रक्रिया में पात्रता जांच और तकनीकी-वित्तीय बोलियों के बाद खरीदार का चयन किया गया. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सौदा पूरा होने पर यह भारत के वित्तीय क्षेत्र में सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हो सकता है.
