इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG वाहनों के सिलेंडर की सुरक्षा जांच को सख्त करते हुए 10 स्टेशनों पर ऑटोमेटेड वाहन पहचान और सत्यापन प्रणाली शुरू की है. वैध हाइड्रो टेस्ट प्रमाणपत्र नहीं होने या उसकी अवधि समाप्त होने पर वाहन में CNG नहीं भरी जाएगी.
नई व्यवस्था में स्टेशन पर लगा कैमरा पहले वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर रिकॉर्ड करेगा. इसके बाद AI आधारित सिस्टम वाहन से जुड़े CNG सिलेंडर की जानकारी का मिलान करेगा. हाइड्रो टेस्ट की वैधता PESO के ऑनलाइन पोर्टल के रिकॉर्ड से जांची जाएगी. जांच के नतीजे हैंडहेल्ड डिवाइस, LED डिस्प्ले और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए बताए जाएंगे.
IGL के अनुसार, यह प्रणाली फिलहाल 10 स्टेशनों पर लागू है और आगे उसके सभी CNG स्टेशनों तक बढ़ाई जाएगी. कंपनी अपने स्टेशनों पर मैनुअल जांच भी कर रही है.
Gas Cylinder (Amended) Rules 2025 के नियम 35(1) के अनुसार, हर CNG सिलेंडर का हाइड्रो टेस्ट PESO से मंजूर परीक्षण केंद्र में तीन साल में कराना जरूरी है. वाहन मालिकों को CNG भरवाने से पहले हाइड्रो टेस्ट प्रमाणपत्र और कंप्लायंस प्लेट की वैधता जांच लेने की सलाह दी गई है.
