भारत में हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ एयरलाइंस के सामने विमानों की कमी पूरी करने की चुनौती बनी हुई है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के अनुसार, देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए 2,000 से ज्यादा विमानों की आवश्यकता होगी. भारतीय एयरलाइंस अब तक 1,200 से अधिक विमानों के ऑर्डर दे चुकी हैं और करीब 1,000 अतिरिक्त विमानों के ऑर्डर की तैयारी चल रही है.
इंडिगो का सबसे बड़ा ऑर्डर
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने जून 2023 में Airbus को A320 फैमिली के 500 विमानों का ऑर्डर दिया था. कंपनी घरेलू नेटवर्क के साथ अंतरराष्ट्रीय रूट पर भी अपनी उड़ानों का विस्तार करना चाहती है.
टाटा समूह की Air India ने फरवरी 2023 में Airbus और Boeing को कुल 470 विमानों का ऑर्डर दिया था. इसमें 250 Airbus और 220 Boeing विमान शामिल हैं. ऑर्डर में लंबी दूरी की उड़ानों के लिए 40 Airbus A350, 20 Boeing 787 और 10 Boeing 777-9 विमान भी शामिल हैं. शेष विमानों से घरेलू और कम दूरी के अंतरराष्ट्रीय रूट की क्षमता बढ़ाने की योजना है.
अकासा भी बढ़ा रही बेड़ा
Akasa Air ने जनवरी 2024 में Boeing को 150 नए 737 MAX विमानों का ऑर्डर दिया था. कंपनी की योजना घरेलू बाजार में विस्तार के साथ अंतरराष्ट्रीय रूट पर पहुंच बढ़ाने की है. इन विमानों की डिलीवरी कई वर्षों में होने की उम्मीद है.
Boeing के अनुमान के मुताबिक, भारत और दक्षिण एशिया की एयरलाइंस को 2044 तक करीब 3,300 नए विमानों की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, ऑर्डर के बाद विमानों की डिलीवरी में कई साल लगते हैं. इसलिए एयरलाइंस के लिए चुनौती केवल विमान खरीदना नहीं, बल्कि उन्हें समय पर हासिल करना भी है.
