भारत से डीजल का निर्यात 2027 में बढ़ने की संभावना है. नई रिफाइनरियों और मौजूदा संयंत्रों के विस्तार से देश की डीजल उत्पादन क्षमता में कम से कम 1.5 करोड़ टन सालाना की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. इससे अमेरिका और यूरोप समेत उन बाजारों को राहत मिल सकती है, जहां भू-राजनीतिक संघर्षों के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है.

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, भारत जल्द ही अपनी घरेलू जरूरतों के साथ-साथ दुनिया के लिए भी पर्याप्त ईंधन रिफाइन कर सकेगा. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भारत इस साल रूस को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा डीजल निर्यातक बन गया है.

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने बताया कि तीन रिफाइनरियों के विस्तार से कंपनी अगले साल सालाना 90 लाख टन तक अतिरिक्त डीजल बना सकती है. इन परियोजनाओं से कंपनी की कच्चे तेल प्रसंस्करण क्षमता में 1.7 करोड़ टन से अधिक की वृद्धि होगी.

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन की राजस्थान में 90 लाख टन सालाना क्षमता वाली नई रिफाइनरी के पूरी क्षमता पर आने से करीब 40 लाख टन अतिरिक्त डीजल उत्पादन का अनुमान है. नुमालीगढ़ रिफाइनरी लगभग 30 लाख टन डीजल बनाएगी. भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन 2028 से 15 लाख टन अतिरिक्त उत्पादन जोड़ने की योजना में है.

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भारतीय रिफाइनरियों ने 5.9 करोड़ टन डीजल का उत्पादन किया, जबकि घरेलू खपत करीब 4.6 करोड़ टन रही. देश की कुल रिफाइनिंग क्षमता अभी लगभग 26.7 करोड़ टन सालाना है, जो बढ़कर 30 करोड़ टन और आगे चलकर 40 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है.

रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य-पूर्व के संघर्षों से वैश्विक ईंधन प्रवाह प्रभावित हुआ है. रूस के जुलाई में डीजल निर्यात रोकने के बाद बाजार में दबाव और बढ़ा. Goldman Sachs का अनुमान है कि वैश्विक ईंधन आपूर्ति 2027 तक तंग रह सकती है, जिससे भारत की अतिरिक्त क्षमता को निर्यात का अवसर मिल सकता है.