काहिरा में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और मिस्र के बीच व्यापार तथा निवेश संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत मिस्र में निवेश के अवसर तलाश रहा है और अपने उत्पादों तथा सेवाओं के लिए बाजार पहुंच बढ़ाना चाहता है.

गोयल के अनुसार, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 6.5 अरब डॉलर का है. उन्होंने कहा कि दोनों अर्थव्यवस्थाओं के आकार को देखते हुए यह केवल शुरुआत है और व्यापार बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं. उन्होंने भारत में मिस्र के उत्पादों और पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने की जरूरत भी बताई, ताकि आर्थिक सहयोग दोनों पक्षों के लिए लाभकारी हो.

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का मिस्र को निर्यात 3.87 अरब डॉलर रहा, जबकि मिस्र से आयात 2.60 अरब डॉलर का था. भारत मिस्र को मांस और पोल्ट्री उत्पाद, पेट्रोलियम उत्पाद, जैविक रसायन, कपास और मशीनरी निर्यात करता है. वहीं, मिस्र से भारत के प्रमुख आयात में कच्चा तेल, उर्वरक, कपास और खनिज उत्पाद शामिल हैं.

गोयल दो दिवसीय यात्रा पर काहिरा पहुंचे हैं और 132 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं. यात्रा के दौरान वह कारोबारी नेताओं और मिस्र के अधिकारियों से व्यापार तथा निवेश बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2000 से जून 2026 के बीच भारत में मिस्र का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश केवल 15 लाख डॉलर रहा.

व्यापार समझौतों पर भारत का जोर

गोयल ने कहा कि भारत ने अपनी आर्थिक नीति के केंद्र में व्यापार को रखा है और भारतीय वस्तुओं तथा सेवाओं के लिए दुनिया के बाजारों में तरजीही पहुंच बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, ईएफटीए समूह, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौते लागू किए गए हैं.

उन्होंने कहा कि भारत यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते के अलावा कनाडा, चिली, दक्षिण अफ्रीका के नेतृत्व वाले एसएसीयू समूह, ब्राजील के नेतृत्व वाले मर्कोसुर और रूस के नेतृत्व वाले ईएईयू समूह के साथ भी बातचीत कर रहा है. गोयल ने भारतीय और मिस्र के कारोबारियों के लिए एक कारोबारी गाइड तैयार करने का सुझाव दिया.