भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) 20 अक्टूबर 2026 से लागू हो गया. समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने भारतीय निर्यात के लिए पहले दिन से 100% शुल्क-मुक्त पहुंच देने की प्रतिबद्धता जताई है. इससे भारतीय कंपनियों के उत्पादों को न्यूजीलैंड बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिल सकती है.

किन क्षेत्रों को सबसे ज्यादा लाभ

सरकारी जानकारी के अनुसार, टेक्सटाइल और परिधान, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग सामान, कृषि-प्रसंस्करण, समुद्री उत्पाद और अन्य विनिर्मित वस्तुओं को प्रमुख लाभ मिलने की संभावना है. भारतीय निर्माताओं को लकड़ी के लट्ठों, कोकिंग कोल और मेटल स्क्रैप जैसे जरूरी इनपुट पर शुल्क-मुक्त पहुंच से भी लागत घटाने में मदद मिल सकती है.

समझौते में भारत के सेवा क्षेत्र के लिए करीब 118 क्षेत्रों में बाजार पहुंच का प्रावधान है. इनमें IT, पेशेवर सेवाएं, निर्माण, ऑडियो-विजुअल सेवाएं और पर्यटन शामिल हैं. कुशल भारतीय पेशेवरों के लिए 5,000 Temporary Employment Entry वीजा और युवाओं के लिए हर साल 1,000 Working Holiday वीजा का प्रावधान भी किया गया है.

भारत ने डेयरी और कुछ संवेदनशील कृषि उत्पादों को संरक्षण दिया है, जबकि न्यूजीलैंड से भारत आने वाले करीब 95% मौजूदा निर्यात पर टैरिफ घटाने या हटाने का प्रावधान है. न्यूजीलैंड ने भारत में 15 वर्षों में 20 अरब डॉलर के निवेश को सुगम बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई है.