भारत में पिछले 12 वर्षों के दौरान गरीबी में तेज गिरावट दर्ज की गई है. वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 2011-12 से 2023-24 के बीच करीब 49.6 करोड़ लोग निम्न-मध्यम आय वर्ग की गरीबी रेखा से ऊपर आए. इस अवधि में गरीबी दर 57.7% से घटकर 16.1% रह गई.
वर्ल्ड बैंक की गणना में निम्न-मध्यम आय वाले देशों के लिए 4.20 डॉलर प्रतिदिन की गरीबी रेखा का इस्तेमाल किया गया है. अत्यधिक गरीबी भी घटी है. 3 डॉलर प्रतिदिन से कम पर जीवनयापन करने वाली आबादी का हिस्सा 2011-12 के 27.1% से घटकर 2023-24 में 2.6% रह गया.
रिपोर्ट के अनुसार, बहुआयामी गरीबी में भी कमी आई है. ऑक्सफोर्ड के बहुआयामी गरीबी सूचकांक के मुताबिक, यह दर 2005-06 के 53.8% से घटकर 2019-21 में 16.4% रही. वर्ल्ड बैंक के अपने बहुआयामी माप में 2022-23 की दर 15.5% दर्ज की गई.
हालांकि, आय असमानता अब भी चुनौती बनी हुई है. 2023-24 में सबसे अमीर 10% कर्मचारियों की औसत कमाई सबसे गरीब 10% कर्मचारियों से 13 गुना अधिक थी. रिपोर्ट रोजगार की गुणवत्ता, वेतन वृद्धि और आर्थिक अवसरों तक समान पहुंच को महत्वपूर्ण चुनौतियां बताती है.
