कोलंबिया विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्री और प्रोफेसर जेफरी सैक्स ने अनुमान जताया है कि भारत 2050 तक दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है. उनके आकलन के मुताबिक, उस समय चीन पहले और अमेरिका तीसरे स्थान पर हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि 21वीं सदी के उत्तरार्ध में भारत चीन को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता रखता है.
सैक्स के अनुसार, भारत की तेज आर्थिक वृद्धि बनाए रखने के लिए वैश्विक शांति, सहयोग और स्थिरता के साथ प्रभावी आर्थिक रणनीति जरूरी होगी. उन्होंने बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था को भारत की प्रगति के लिए अनुकूल बताया.
शिक्षा और कौशल पर जोर
सैक्स ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को संभव बताते हुए कहा कि इसके लिए युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास में बड़े पैमाने पर निवेश करना होगा. उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, भौतिक इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने, व्यापार विस्तार और नवाचार को प्राथमिकता देने की बात कही.
उनके मुताबिक, भारत में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन युवाओं को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण की जरूरत है. इन क्षेत्रों में साथ-साथ सुधार होने से आम लोगों की आय और देश की समृद्धि बढ़ सकती है.
