भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर बड़ा हिस्सा हासिल करने के लिए 2036 तक हर साल करीब 2 अरब डॉलर की निजी पूंजी जुटानी होगी. ‘Space Economy 2036: The India Blueprint’ रिपोर्ट के अनुसार, 2026 से 2036 के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में कुल 34-37 अरब डॉलर निवेश की जरूरत होगी.

रिपोर्ट में कहा गया है कि इसमें से 14-15 अरब डॉलर सार्वजनिक बजट से मिल सकते हैं, जबकि 19-21 अरब डॉलर की कमी निजी निवेशकों, बैंकों, बीमा कंपनियों, पेंशन फंड और पूंजी बाजारों से पूरी करनी होगी.

भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 2022-23 में लगभग 8.4 अरब डॉलर की थी और वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में इसकी हिस्सेदारी करीब 2% रही. सरकार ने 2033 तक 44 अरब डॉलर की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें 11 अरब डॉलर निर्यात से आने हैं.

रिपोर्ट में विकास-चरण की कंपनियों के लिए फंड, GIFT City में डॉलर आधारित स्पेस ग्रोथ फंड, सरकारी सेवा-खरीद मॉडल, बुनियादी ढांचे के वित्तपोषण और घरेलू स्पेस इंश्योरेंस व्यवस्था की सिफारिश की गई है. इसमें कहा गया है कि केवल वेंचर कैपिटल के भरोसे क्षेत्र की दीर्घकालीन जरूरत पूरी नहीं होगी.