अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता अंतिम चरण में है. मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि समझौते को लागू किए जाने से पहले केवल कुछ मुद्दों को अंतिम रूप देना बाकी है.

रुबियो ने कहा कि दोनों पक्ष समझौते के बेहद करीब हैं और उन्हें जल्द सकारात्मक घोषणा की उम्मीद है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिकी विदेश विभाग सीधे व्यापार समझौते पर बातचीत नहीं करता, लेकिन प्रक्रिया में उसकी भागीदारी है.

रुबियो ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुंबई में व्यापक बातचीत की. दोनों नेताओं के बीच व्यापार के अलावा ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग तथा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा हुई.

भारत और अमेरिका व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दे रहे हैं. हालांकि, समझौते के शेष मुद्दों, हस्ताक्षर की तारीख या अंतिम शर्तों की सार्वजनिक जानकारी अभी नहीं दी गई है.