भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील पर बातचीत में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि समझौते से जुड़ी अधिकांश चर्चा पूरी हो चुकी है और अब दोनों पक्ष इसके विवरण को अंतिम रूप देने यानी फाइन-ट्यूनिंग पर काम कर रहे हैं.

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी हालिया बातचीत के बाद कह चुके हैं कि दोनों देश समझौते के काफी करीब हैं और केवल कुछ मुद्दों का समाधान बाकी है. हालांकि, अभी अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर की तारीख या सभी टैरिफ शर्तों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

500 अरब डॉलर की खरीद का लक्ष्य

फरवरी 2026 के भारत-अमेरिका संयुक्त बयान में भारत की ओर से अगले पांच वर्षों में अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद, विमान और विमान के कलपुर्जे, कीमती धातु, तकनीकी उत्पाद और कोकिंग कोल सहित कुल 500 अरब डॉलर के उत्पाद खरीदने का इरादा जताया गया था. प्रस्तावित ट्रेड डील का उद्देश्य दोनों देशों के कारोबार को बढ़ाना और भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार में अधिक निश्चितता पैदा करना है.