भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील पर बातचीत फिलहाल ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां दोनों देशों के लिए अतिरिक्त रियायतें देना मुश्किल हो रहा है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘म्यूनिख लीडर्स मीटिंग’ में यह बात कही.
सीतारमण के मुताबिक, भारत और अमेरिका दोनों अपनी-अपनी शर्तों से आगे पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बातचीत पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. अगर आगे चर्चा के लिए कोई नया रास्ता या संभावना बनती है, तो दोनों देश उस पर विचार करने के लिए तैयार रहेंगे.
व्यापार घाटा और टैरिफ पर मतभेद
अमेरिका भारत के साथ व्यापार घाटा कम करने और पुराने नुकसान की भरपाई की कोशिश कर रहा है. इसके लिए टैरिफ बढ़ाने के विकल्प पर चर्चा होती रही है. सीतारमण ने व्यापार घाटा घटाने के लिए बार-बार शुल्क बढ़ाने की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे मुद्दों का समाधान आम तौर पर बातचीत और पारस्परिक लेन-देन से किया जाता है.
उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी देश के साथ व्यापार में नुकसान को केवल भारी टैक्स लगाकर दूर नहीं किया जा सकता.
वित्त मंत्री ने वैश्विक व्यापार व्यवस्था को भी चुनौतीपूर्ण बताया. उनके अनुसार, विश्व व्यापार संगठन (WTO) के नियमों का पालन कमजोर हुआ है और ऐसे माहौल में भारत के व्यापार समझौतों का प्रमुख उद्देश्य देश के हितों की रक्षा करना है.
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर ने इससे पहले कहा था कि समझौते से जुड़े अटके हुए मुद्दों की पहचान कर ली गई है, लेकिन इसे तुरंत लागू किए जाने की संभावना नहीं है. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 20 महीनों में वार्ता से जुड़ी बैठकें तीन बार टली हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि केवल अस्थायी टैरिफ छूट के आधार पर स्थायी समझौता करना जोखिमपूर्ण हो सकता है.
