भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता बातचीत के अंतिम चरण में बताया जा रहा है, लेकिन इसके औपचारिक हस्ताक्षर अमेरिकी टैरिफ ढांचे के अंतिम रूप लेने पर निर्भर हैं. भारत का कहना है कि समझौते से उसके निर्यातकों को प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में स्पष्ट टैरिफ लाभ मिलना चाहिए.

दोनों देशों ने फरवरी 2026 में अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमति जताई थी. इसके तहत अमेरिका ने भारत से आने वाले संबंधित सामान पर पारस्परिक टैरिफ को 18 प्रतिशत तक लाने और कुछ उत्पादों पर शुल्क हटाने की दिशा में प्रतिबद्धता व्यक्त की थी. इनमें जेनेरिक दवाएं, रत्न-हीरे और विमान के कलपुर्जे शामिल हैं, हालांकि अंतिम व्यवस्था समझौते के लागू होने पर निर्भर करेगी.

भारत की चिंता यह है कि अमेरिकी टैरिफ नीति अलग-अलग देशों के लिए अलग दरें तय कर सकती है. ऐसे में भारतीय वस्तुओं को बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर पहुंच मिलना जरूरी माना जा रहा है. वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, बातचीत पूरी होने के बाद कानूनी मसौदा और टैरिफ व्यवस्था स्पष्ट होने पर समझौते पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं.