भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है. अमेरिकी व्यापार और कस्टम्स अधिकारियों की दो सदस्यीय टीम ने 2 और 3 नवंबर को नई दिल्ली में भारतीय वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की.

बैठक में कस्टम्स प्रक्रियाओं को सरल बनाने, गैर-टैरिफ प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने और व्यापार सुविधा से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा हुई. भारत ने अमेरिकी बाजार में अपने निर्यातकों के लिए ऐसा preferential tariff framework देने की मांग की है, जिससे भारतीय सामानों को बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले नुकसान न हो.

अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पक्ष प्रस्तावित समझौते के पहले चरण को जल्द पूरा करने की दिशा में तकनीकी बातचीत जारी रखे हुए हैं. कृषि और डेयरी बाजार तक पहुंच, टैरिफ और कुछ अन्य व्यापारिक मुद्दे अभी भी महत्वपूर्ण मतभेद बने हुए हैं.

फरवरी 2026 में घोषित अंतरिम समझौते के ढांचे के तहत अमेरिका ने भारत से जुड़े कई सामानों पर reciprocal tariff दर 18 प्रतिशत तय करने की बात कही थी. हालांकि, नई दिल्ली भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ में और कमी तथा निर्यातकों के लिए अधिक अनुकूल शर्तें चाहती है.